सूरजपुर में सहायक शिक्षकों की अंतिम वरिष्ठता सूची जारी न होने पर टीईटी उत्तीर्ण शिक्षक कल्याण संघ के प्रदेश अध्यक्ष राकेश मिश्रा एवं अन्य पदाधिकारियों ने जिला शिक्षा अधिकारी को शिकायत पत्र सौंपा।
सूरजपुर। टीईटी उत्तीर्ण शिक्षक कल्याण संघ छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष राकेश मिश्रा के नेतृत्व में सहायक शिक्षकों की अंतिम वरिष्ठता सूची जारी नहीं किए जाने के विरोध में जिला शिक्षा अधिकारी सूरजपुर को शिकायत पत्र सौंपा गया है। संगठन ने समय-सीमा बीतने के बावजूद सूची प्रकाशित न होने पर गहरी नाराजगी जताई है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि संचालक, लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) के पत्र दिनांक 30/06/2026 के निर्देशानुसार पदोन्नति हेतु फीडिंग कैडर के पदों की दिनांक 01/04/2026 की स्थिति में अंतिम वरिष्ठता सूची का प्रकाशन 15/07/2026 तक किया जाना था, लेकिन निर्धारित समय-सारणी निकल जाने के बावजूद सूची जारी नहीं हो सकी है।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष राकेश मिश्रा ने बताया कि पूर्व में 15/07/2026, 30/07/2026, 13/08/2026, 25/09/2026 एवं 13/10/2026 को ज्ञापन सौंपे जाने तथा प्रत्यक्ष भेंट के दौरान मिले आश्वासनों के बावजूद अब तक अंतिम वरिष्ठता सूची का प्रकाशन नहीं हुआ है। इससे जिले के टीईटी उत्तीर्ण सहायक शिक्षकों में तीव्र आक्रोश एवं असंतोष व्याप्त है।

संघ की प्रमुख मांगें:
- सहायक शिक्षकों की अंतिम वरिष्ठता सूची जारी न होने के लिए जिम्मेदार कर्मियों की जवाबदेही तय कर उचित कार्रवाई की जाए।
- अंतिम वरिष्ठता सूची अविलंब प्रकाशित कर लंबित पदोन्नति प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराई जाए।
पत्र की प्रतिलिपि संचालक लोक शिक्षण संचालनालय, संयुक्त संचालक (शिक्षा) सरगुजा संभाग अंबिकापुर तथा कलेक्टर जिला सूरजपुर को भी प्रेषित की गई है
